क्रिकेट में फंसे मैच के दौरान विनिंग शॉट लगाकर अपनी टीम को ​जीत दिलाने के बाद बल्लेबाजों के अजीब और खास तरह के रिएक्शन सामने आते रहे हैं। कई बार यह इशारों में अपनी बात कहते दिखते हैं तो कई बार पिच पर ही डांस कर अपनी खुशी और मैसेज लोगों तक पहुंचाते हैं। इस आईपीएल में भी 5 बल्लेबाजों ने हारते हुए मैच को जिताया या हाफ सेंचुरी जड़ी तो उनके सेलीब्रेशन के खास अंदाज और इशारों ने महफिल लूट ली और वे सोशल मीडिया पर छा गए।
cricket player

रविंद्र जड़ेजा
आईपीएल का 49वां मैच केकेआर और सीएसके के बीच 29 अक्टूबर को खेला गया। टारगेट का पीछा करने उतरी सीएसके ने मैच जीत लिया। रविंद्र जड़ेजा ने आखिरी ओवर की दो बॉल पर बैक टू बैक सिक्स जड़कर हारा हुआ मैच जिता दिया। विनिंग शॉट लगाते ही रविंद्र जड़ेजा ने सेलीब्रेशन में अपनी पीठ पर हाथ हाथ रखते हुए जर्सी पर लिखे अपने नाम पर इशारा किया। उन्होंने इशारे से यह दर्शाने की कोशिश की टीम को जिताने का दम उनमें है। लेकिन, वह भूल गए कि जहां वह हाथ से इशारा कर रहे हैं वहां टीम की ओनर इंडिया सीमेंट का नाम लिखा है। आमतौर पर जर्सी में नाम सबसे उपर या बीच में लिखा होता है। फैंस ने जड़ेजा के इशारे का अपनी अपनी तरह मतलब निकाला और सोशल मीडिया पर जड़ेजा और इंडिया सीमेंट छा गया।

सूर्या कुमार
मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच 28 अक्टूबर को खेले गए आईपीएल के 48वें मैच में मुंबई ने आखिरी ओवर में मैच जीत लिया। इस मैच में ताबड़तोड़ 43 बॉल में 79 रन की पारी खेलने वाले सूर्या कुमार ने विनिंग शॉट लगाकर विराट कोहली की तरफ देखते सब ठीक है पूछने और ओके का इशारा किया जो सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गया। फैंस के अनुसार मैच हारने के बाद कोहली ने सूर्याकुमार की तरफ घूरा था, जिसके बाद सूर्याकुमार ने इशारा किया था।

रियान पराग
11 अक्टूबर को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच आईपीएल का 26वां मुकाबला खेला गया था। इस मुकाबले में टारगेट का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने जीत हासिल की थी। मैच में 26 बॉल पर नाबाद 42 रन बनाने वाले रियान पराग ने विनिग सिक्स लगाकर टीम को जीत दिला दी थी। मैच जीतते ही वह खुशी से ओडिशा का पारंपरिक डांस बीहू करने लगे थे।​ रियान के डांस वीडियो ने देखते ही देखते सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी थी।

क्रिस गेल
26 अक्टूबर को आईपीएल के 46वें मैच में किंग्स इलेवेन पंजाब और केकेआर की भिड़ंत हुई। टारगेट का पीछा करते हुए किंग्स इलेवेन ने 19वें ओवर में मैच जीत लिया। मैच में क्रिस गेल ने 29 बॉल पर 51 रन ठोके थे। हाफ सेंचुरी होने के बाद क्रिस गेल ने खास अंदाज में अपना बल्ला उठाकर फैंस का अभिवादन किया। उन्होंने अपने बल्ले पर लिखे यूनीवर्स बॉस के टैग को प्वाइंट करते ​हुए जताया कि मैं हूं क्रिकेट यूनीवर्स का बॉस। गेल ने इससे पहले आरसीबी के साथ हुए मैच में भी हाफ सेंचुरी के बाद ऐसे ही फैंस का अभिवादन किया था, जो सोशल मीडिया पर छाया रहा।

हार्दिक पांड्या

25 अक्टूबर को मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच आईपीएल का 45वां मुकाबला खेला गया। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने जीत हासिल की। लेकिन, मुंबई के लिए 21 बॉल में नाबाद 60 रन बनाने वाले हार्दिक पांड्या ने जब हाफ सेंचुरी के बाद फैंस का अभिवादन किया और खास अंदाज में घुटने पर बैठ गए तो वैश्विक स्तर पर वह सोशल मीडिया पर छा गए। दरअसल, हार्दिक ने ब्लैक लाइव्स मैटर मूवमेंट के समर्थन वाला पोज दिया था। यह पोज नस्लभेद के खिलाफ चल रहे आंदोलन को सपोर्ट करता है। इसके बाद हार्दिक पांड्या सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गए।